पिता की संपत्ति पर कब्जे का आरोप, दो बहनों ने बहन-बहनोई के खिलाफ खोला मोर्चा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ीदौलत में पैतृक संपत्ति को लेकर तीन बहनों के बीच विवाद गहरा गया है। दो सगी बहनों ने अपनी ही बहन, बहनोई और भांजे पर करोड़ों नहीं तो लाखों की संपत्ति, नकदी और बैंक खाते की रकम हड़पने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शुक्रवार को गांव गढ़ीदौलत निवासी इसराना और अफसाना पुत्री मरहूम यासीन ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके पिता की तीन पुत्रियां थीं और तीनों का उनकी चल-अचल संपत्ति पर बराबर का कानूनी अधिकार है। आरोप है कि उनकी बहन फुरकाना पत्नी इमरान निवासी गांव भूरा, थाना कैराना ने पिता को विश्वास में लेकर उनके पास रखे करीब दो तोला सोने-चांदी के जेवरात और लगभग पांच लाख रुपये की नकदी अपने कब्जे में कर ली।
पीड़िताओं का आरोप है कि पिता की मृत्यु के बाद बैंक खाते में जमा करीब 1.71 लाख रुपये की धनराशि भी फुरकाना ने अपने पति इमरान और पुत्र जुबैर के साथ मिलकर धोखाधड़ी से निकाल ली। इतना ही नहीं, कैराना भूरा बाईपास स्थित 73 वर्ग गज के प्लॉट और गांव गढ़ीदौलत स्थित पैतृक मकान पर भी अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया गया है।
बहनों का कहना है कि जब उन्होंने अपने हिस्से की संपत्ति मांगी तो आरोपियों ने उन्हें धमकाते हुए जान से मारने की चेतावनी दी। इससे भयभीत होकर उन्होंने पुलिस की शरण ली और न्याय दिलाने की मांग की।
मामला अब पुलिस जांच के दायरे में पहुंच गया है। थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। गांव में इस पारिवारिक विवाद को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है।