IMG-20260617-WA0024

 

करोड़ों के सौंदर्यीकरण के बाद भी अव्यवस्था, डीएम को ज्ञापन

 

सहारनपुर:- नेता जी सुभाष चंद्र बोस उद्यान (कंपनी बाग) में पिछले कई वर्षों से चल रही अव्यवस्था को लेकर वरिष्ठ नागरिकों ने नाराजगी जताई है। मंगलवार को जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में उद्यान में वित्तीय अनियमितता और बदइंतजामी का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में कहा गया कि उद्यान में सुबह भजन-सत्संग करने वाले वरिष्ठ नागरिकों ने कई बार सुधार की मांग की, लेकिन उच्च अधिकारियों ने उपेक्षा की। जिस जगह वरिष्ठ नागरिक बैठते हैं, वहां भारी गंदगी पड़ी रहती है। सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है।

मुख्य कार्यालय के सामने लोबान के पेड़ के पास बना थड़ा (बैठने का स्थान) पूरी तरह टूटा हुआ है। उसकी मरम्मत या नया निर्माण नहीं कराया गया, जबकि उद्यान के अन्य हिस्सों में नए बैठने के स्थान बनाए गए हैं।

ज्ञापन में आरोप है कि सौंदर्यीकरण के नाम पर उद्यान में करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन वरिष्ठ नागरिकों के बैठने के मुख्य स्थान की पूरी तरह उपेक्षा की गई।

उद्यान में रोज भ्रमण करने वाले वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि वे सालों से शिकायत कर रहे हैं, मगर सुनवाई नहीं हो रही। मुख्य जगह को छोड़कर बाकी जगह काम कराया जा रहा है। उन्होंने डीएम से मांग की है कि कंपनी बाग की अव्यवस्था को तुरंत दूर किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।

जिलाधिकारी कार्यालय ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराकर जल्द समाधान किया जाएगा।

वर्षों से चल रही अव्यवस्था को लेकर राधे-राधे ग्रुप कंपनी बाग ने डीएम को ज्ञापन सौंपा।

प्रार्थी सतीश सिंह अध्यक्ष व अन्य सदस्यों ने डीएम से जांच कराकर बैठने के स्थान का पुनर्निर्माण, सफाई व जल व्यवस्था कराने की मांग की, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को कोई जोखिम न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!