FB_IMG_1781630337475

 

जनसुनवाई में आयी समस्याओं में से एक समस्या का तत्काल कराया निस्तारण

सहारनपुर। नगरायुक्त शिपू गिरि ने जिया अब्बास जैदी के प्रार्थना पत्र पर वार्ड 58 में मौ. कायस्थान स्थित इमामबाड़ा क्षेत्र की साफ सफाई कराने के निर्देश स्वास्थय विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दृष्टिगत इस कार्य को प्राथमिकता से कराएं। नगरायुक्त ने सफाई सम्बंधी अन्य समस्याओं के निस्तारण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

नसीब खां के प्रार्थना पत्र पर जिला कांग्रेस कमेटी गुरुद्वारा रोड पर भी सफाई के सम्बंध में क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक को निर्देश दिए गए । नगरायुक्त आज अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर रहे थे।

इसी कड़ी में वार्ड संख्या 16 के दीपक गोयल के प्रार्थना पत्र पर क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक व सफाई मित्र को भेजकर साउथ सिटी में सफाई कराते हुए समस्या का समाधान कराया। जनसुनवाई में आज आयी 12 समस्याओं में से एक समस्या का तत्काल समाधान कराया गया।

वार्ड 36 के फारुख ने बाल्मीकी कॉलोनी पुराना कलसिया रोड से पिलखन का पेड़ हटवाने तथा हकीकत नगर बड़ा चौक निवासी अनुशील शर्मा ने जगदंबा मंदिर के पास स्थित पेड़ की कंटाई-छंटाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर नगरायुक्त ने उद्यान प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

वार्ड 48 पुराना आवास विकास निवासी सुनील शर्मा ने भवन संख्या बी-160 के सामने अवैध रुप से एक व्यक्ति द्वारा सामान रखकर अतिक्रमण किये जाने की ओर ध्यान दिलाते हुए उसे हटवाने की मांग की। इस पर प्रवर्तन दल प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वार्ड 7 के उस्मान ने मिगलानी बिल्डिंग के पास स्ट्रीट लाइट ठीक कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जनसुनवाई में अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव व मृत्युंजय, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र सहित निगम के अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!