
सड़क पर फिसली बाइक, युवक के सिर और पैर में आई गंभीर चोटें
सादिक सिद्दीक़ी .
कांधला थाना क्षेत्र के एलम कट के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान 40 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र राजपाल सिंह निवासी शामली रेल पार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजीव कुमार अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वह एलम कट के पास पहुंचे, अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और वह सड़क पर जा गिरे। हादसा इतना भीषण था कि युवक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद युवक काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज देवेंद्र तेवतिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर और पैर में गंभीर चोटों को देखते हुए उसकी हालत नाजुक बताई गई। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए युवक को तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ते हादसों को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बाइक अनियंत्रित होकर फिसलने की बात सामने आई है।
कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बाइक अनियंत्रित होकर फिसलने से युवक के घायल होने की बात सामने आई है।