बरसात से पहले जागा पालिका प्रशासन नालो को सफाई मे जुटी पालिका टीम

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। बरसात का मौसम नजदीक आते ही नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। कस्बे को जलभराव, बदबू और संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए मंगलवार को मोहल्ला गुजरान स्थित मुर्गा मार्केट क्षेत्र से सूरजमल की पुलिया होते हुए फिराइयों के यहां तक आबचक नाले पर बड़े स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। घंटों तक चले इस अभियान के दौरान नाले में महीनों से जमी सड़ी-गली गंदगी, प्लास्टिक, पॉलिथीन, कूड़ा-कचरा और मिट्टी के भारी जमाव को बाहर निकाला गया। सफाई के दौरान नाले से निकली गंदगी के ढेर देखकर क्षेत्रवासी भी हैरान रह गए।पालिका की टीम जेसीबी मशीनों और सफाई कर्मचारियों के साथ सुबह से ही मौके पर पहुंच गई थी। अभियान के दौरान नाले के कई हिस्सों में पानी की निकासी पूरी तरह बाधित मिली, जिसके चलते कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए जमे हुए अवरोधों को हटाया। कई जगहों पर नाले की तली तक सफाई कराई गई ताकि बरसात के दौरान पानी का बहाव सुचारु बना रहे और कस्बे में जलभराव की स्थिति पैदा न हो।

स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से नाले में गंदगी जमा होने के कारण आसपास के क्षेत्र में बदबू फैल रही थी। बरसात के दौरान गंदा पानी सड़कों पर भर जाता था, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। कई बार शिकायत के बाद अब बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलने से लोगों ने राहत की सांस ली है। क्षेत्र के व्यापारियों और मोहल्लावासियों ने पालिका प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी तरह नियमित सफाई होती रहे तो कस्बे में गंदगी और जलभराव की समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है।

सफाई अभियान के दौरान पालिका अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को नालों की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि बरसात से पहले कस्बे के सभी प्रमुख नालों और नालियों की विशेष सफाई कराई जा रही है ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि जहां-जहां जलनिकासी की समस्या सामने आएगी वहां तत्काल अभियान चलाकर सफाई कराई जाएगी।

पालिका प्रशासन ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नालों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने से बचें। प्लास्टिक और घरेलू कचरा नालों में डालने से जलनिकासी बाधित होती है, जिससे जलभराव और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल पालिका की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।

सफाई अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में पालिका की सक्रियता चर्चा का विषय बनी रही। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते यह अभियान न चलाया जाता तो बरसात में हालात और अधिक खराब हो सकते थे। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि आने वाले मानसून में उन्हें गंदगी, बदबू और जलभराव जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!