
तपती सड़कों पर चली पानी की बौछारें, लोगों ने कहा “ऐसे ही मिलती रहे राहत”
* सूरज उगल रहा आग, कांधला में दौड़ी “ठंडी राहत” एंटी स्मॉग गन से बरसी फुहारों ने दी लोगों को सुकून
सादिक सिद्दीकी
कांधला। आसमान से बरसती आग, सड़कों से उठती तपिश और लू के थपेड़ों से बेहाल लोगों को उस वक्त बड़ी राहत मिली, जब नगर पालिका प्रशासन ने गर्मी के खिलाफ मोर्चा संभालते हुए पूरे कस्बे में एंटी स्मॉग गन से पानी का छिड़काव शुरू करा दिया। तपती सड़कों पर जैसे ही ठंडी फुहारें पड़ीं, वैसे ही लोगों के चेहरों पर राहत साफ दिखाई देने लगी। कई लोगों ने इसे “भीषण गर्मी में राहत की बारिश” तक करार दिया।
नगर पालिका की ओर से चलाए गए इस विशेष “कूलिंग अभियान” के तहत कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड वाले कैराना बस स्टैंड, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर बड़े स्तर पर पानी का छिड़काव किया गया। गर्म हवाओं और धूल भरे माहौल से परेशान राहगीरों को अचानक मिली इस ठंडक ने कुछ पल के लिए मौसम का एहसास ही बदल दिया। दुकानदारों से लेकर राहगीरों तक हर किसी ने राहत की सांस ली।इन दिनों गर्मी अपने चरम पर है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। सूरज की तेज किरणें और आग उगलती हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। ऐसे हालात में नगर पालिका की यह पहल लोगों के लिए राहत भरा कदम साबित हो रही है। पानी के छिड़काव से न केवल वातावरण में ठंडक महसूस हुई, बल्कि उड़ती धूल और गर्म हवा से भी काफी राहत मिली।नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य केवल तापमान कम करना नहीं है, बल्कि हवा में नमी बनाए रखना, धूल के कणों को नियंत्रित करना और बढ़ते प्रदूषण पर भी लगाम लगाना है। अधिकारियों का कहना है कि एंटी स्मॉग गन तकनीक का इस्तेमाल करने से सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में तत्काल ठंडक का असर महसूस किया गया।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन की इस पहल की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि अगर नियमित रूप से इसी तरह पानी का छिड़काव जारी रहा, तो भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कई लोगों ने मांग की कि यह अभियान केवल मुख्य बाजारों तक सीमित न रहकर मोहल्लों और वार्डों में भी चलाया जाए, ताकि आम जनता को और अधिक राहत मिल सके।
नगर पालिका प्रशासन ने भी संकेत दिए हैं कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए आने वाले दिनों में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जरूरत के अनुसार अलग-अलग वार्डों, गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी एंटी स्मॉग गन से पानी का छिड़काव कराया जाएगा, ताकि लोगों को झुलसाती गर्मी से राहत मिलती रहे।