“इलाज के लिए गया था पंजाब, पीछे से चोरों ने घर को बना डाला निशाना”

 

* ईदगाह नई बस्ती में सनसनीखेज चोरी, नकदी-जेवरात समेत अनाज भी ले गए चोर

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे के मोहल्ला ईदगाह नई बस्ती देहात में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। घर मालिक के इलाज के लिए पंजाब जाने के दौरान अज्ञात नहीं बल्कि नामजद आरोपियों द्वारा घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अनाज चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

रविवार को मोहल्ला ईदगाह नई बस्ती निवासी मुनव्वर पुत्र जाज हसन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने उपचार के सिलसिले में पंजाब गया हुआ था। आरोप है कि उसकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए विगत तीन जून की रात रिजवान उर्फ अंजली पुत्र नफीस अपने तीन साथियों के साथ उसके मकान पर पहुंचा और घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गया। आरोपियों ने घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

पीड़ित के अनुसार चोर घर से करीब 10 तोला चांदी के छागल, 14 तोला चांदी की पाजेब, 12 तोला चांदी का जस्तबंद, 10 तोला चांदी के तोड़े तथा 2.5 ग्राम सोने की नथली समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा घर में रखा करीब छह क्विंटल अनाज और पांच हजार रुपये की नकदी भी गायब मिली।

मुनव्वर ने बताया कि चोरी हुए जेवर उसने अपनी बेटी के भविष्य और शादी के लिए बड़ी मेहनत से बनवाकर सुरक्षित रखे थे। घर लौटने पर जब उसने मकान के टूटे ताले देखे तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था, जबकि मुख्य गेट और वाशिंग मशीन भी क्षतिग्रस्त मिली।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि नामजद आरोपी इससे पहले भी उसके घर से लैपटॉप चोरी कर चुका है। बावजूद इसके उस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए।

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और चोरी गया सामान जल्द बरामद कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि सूचना संदिग्ध लग रही है पुलिस जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!