
बच्चों को पिटता देख किया विरोध, तो सभासद पति पर ही टूट पड़े आरोपी”
* वार्ड-8 के सभासद पति ने तीन लोगों पर लगाया हमला और धमकी देने का आरोप
*
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के मोहल्ला खेल वार्ड नंबर-8 में उस समय हड़कंप मच गया जब स्विमिंग पूल में नहाने गए सभासद पति के साथ कथित रूप से मारपीट कर दी गई। पीड़ित ने तीन लोगों पर बच्चों के साथ मारपीट करने और विरोध करने पर उसके साथ अभद्रता व मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
रविवार को मोहल्ला खेल निवासी हारुन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह कस्बे के एक स्विमिंग पूल में नहाने के लिए गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद तीन व्यक्ति कुछ बच्चों के साथ मारपीट कर रहे थे। जब उसने बच्चों को बचाने और आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी आगबबूला हो गए और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार स्विमिंग पूल में अचानक हुए हंगामे और शोर-शराबे को सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित सभासद पति थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।