खेत जा रहे व्यक्ति पर लाठी-डंडों से हमला, गंभीर घायल

 

* एक दिन पहले हुआ था समझौता, अगले ही दिन दबंगों ने घेरकर पीटा

*

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी रामकौर में खेत पर जा रहे एक युवक पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी सुबह सिंह का पुत्र राजवीर खेत पर ट्रैक्टर से जुताई कराने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में राजवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे बचाया और परिजन तुरंत उसे कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।

पीड़ित राजवीर का आरोप है कि एक दिन पहले आरोपी शराब के नशे में गांव में गाली-गलौज कर रहे थे। उस समय गांव के लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने रंजिश रखते हुए अगले ही दिन हमला कर दिया।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कांधला थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

error: Content is protected !!