
स्टार्टर ठीक करने गया युवक बना दबंगों का शिकार!”
* रास्ते में रोककर ट्यूबवेल पर ले गए, फिर बेरहमी से पीटा जान बचाकर भागा कपिल
*
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला।थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली निवासी एक युवक के साथ मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। युवक को रास्ते में रोककर कथित तौर पर जबरन ट्यूबवेल पर ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। घायल अवस्था में युवक किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर पहुंचा और पूरी घटना परिजनों को बताई। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित युवक के पिता मुकेश के अनुसार उनका पुत्र कपिल कस्बा एलम स्थित ट्यूबवेल का स्टार्टर ठीक करने गया था। आरोप है कि काम खत्म कर वापस लौटते समय जनपद बागपत के गांव किरठल निवासी चार युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने कपिल को जबरन एक ट्यूबवेल पर ले जाकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
परिजनों का कहना है कि युवक ने किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफलता हासिल की। घर पहुंचने पर कपिल ने आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
*इन्होने कहा*
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
————