एक पेड़ मां के नाम” अभियान में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 

* किवाना में विश्व पर्यावरण दिवस पर हुआ वृहद वृक्षारोपण, एमएलसी समेत अधिकारियों ने लगाए पौधे

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपदभर में पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नगर निकायों से लेकर ग्राम पंचायतों तक “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इसी क्रम में वन विभाग की ओर से विकासखंड कांधला की ग्राम पंचायत किवाना में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप ने अशोक का पौधा रोपा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, डीएफओ बीरेंद्र सिंह रावत, पीडी डीआरडीए प्रेमचंद, क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।

एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी करे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी एक सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।

इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोग, ग्रामीण एवं विभागीय कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!