
आवारा कुत्ते से बचने में गई बुजुर्ग महिला की जान,
* रस्म से लौट रहे परिवार की बाइक हुई अनियंत्रित, 80 वर्षीय जगवती की मौके पर मौत
*
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के एलम बायपास मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 80 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर अचानक आए आवारा कुत्ते से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और वृद्धा सड़क पर गिर पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार बाइक सवार परिवार गांव टिकरी लौट रहा था। तभी एलम बायपास पर अचानक एक आवारा कुत्ता सामने आ गया। चालक ने बाइक को संभालने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बाइक फिसल गई। हादसे में पीछे बैठी 80 वर्षीय जगवती सड़क पर गिर गईं और उनका सिर जमीन से जोरदार तरीके से टकरा गया। गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही अचेत हो गईं।
घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पायलट कमल और ईएमटी दिलशाद मौके पर पहुंचे और घायल महिला को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पुत्र देवेंद्र ने बताया कि वह अपनी मां जगवती और एक अन्य महिला कविता के साथ कैराना क्षेत्र के गांव गोगवान में एक पारिवारिक रस्म में शामिल होकर लौट रहे थे। वापस आते समय यह हादसा हो गया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
घटना के बाद क्षेत्र में आवारा पशुओं और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।