सुप्रीम कोर्ट में लगेगी विशेष लोक अदालत 21 से 23 अगस्त तक आपसी समझौते से होंगे मामलों का निस्तारण

 

सादिक सिद्दीक़ी।

कांधला। देश के सर्वोच्च न्यायालय में 21, 22 और 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए थाना परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से नियुक्त पैरालीगल वालंटियर चैनपाल सिंह फौजी ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह विशेष लोक अदालत नई दिल्ली स्थित सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित होगी, जहां लंबित मामलों का आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य लोगों को त्वरित, सस्ता और सरल न्याय उपलब्ध कराना है। जिन मामलों का समाधान आपसी सहमति से संभव है, उन्हें बिना लंबी कानूनी प्रक्रिया के निपटाया जाएगा। इससे न केवल लोगों का समय बचेगा बल्कि मुकदमेबाजी में होने वाले खर्च से भी राहत मिलेगी।

चैनपाल सिंह फौजी ने बताया कि विशेष लोक अदालत में पारिवारिक विवाद, सड़क दुर्घटना दावा प्रकरण, चेक बाउंस के मामले, भूमि अधिग्रहण विवाद, श्रम संबंधी प्रकरण सहित अन्य ऐसे मामले शामिल किए जा सकते हैं, जिनका निस्तारण समझौते के आधार पर संभव हो।

उन्होंने कहा कि यह पहल न्याय व्यवस्था को और अधिक जनसुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लोक अदालत के माध्यम से दोनों पक्षों की सहमति से विवाद खत्म होने पर आपसी रिश्तों में भी मधुरता बनी रहती है और वर्षों से चल रहे मामलों का समाधान जल्दी हो जाता है।

उन्होंने इच्छुक पक्षकारों से अपील करते हुए कहा कि अधिक जानकारी और सहायता के लिए जनपद के वन स्टॉप सेंटर अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। आवेदन के लिए गूगल फॉर्म भी उपलब्ध कराया गया है, जिसे सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर जाकर आसानी से भरा जा सकता है।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस अवसर का लाभ उठाने और अपने लंबित मामलों को आपसी सहमति के जरिए निपटाने की अपील की है।

error: Content is protected !!