
रेलवे मार्ग पर रोती मिली मासूम बच्ची, सोशल मीडिया से मिला परिवार
सादिक सिद्दीक़ी।
कांधला। कस्बे के रेलवे मार्ग पर उस समय लोगों की भीड़ जुट गई जब एक मासूम बच्ची लावारिस हालत में रोती हुई घूमती मिली। बच्ची को अकेला देखकर राहगीरों ने उसे संभालने का प्रयास किया और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान समाजसेवी वाजिद अली मौके पर पहुंचे और बच्ची को अपने साथ लेकर थाना कांधला पहुंच गए। थाने में तैनात सिपाही रोशन सिंह तथा न्यायालय की ओर से नियुक्त चैनपाल सिंह ने बच्ची के परिजनों की तलाश के लिए तुरंत प्रयास शुरू कर दिए।
पुलिस ने आसपास के मोहल्लों और क्षेत्रों में बच्ची के बारे में जानकारी जुटाई, लेकिन काफी देर तक कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद बच्ची की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की गई, जिसके बाद मामला तेजी से लोगों तक पहुंच गया।
फोटो वायरल होने के कुछ समय बाद बच्ची के परिजन थाना कांधला पहुंच गए। पुलिस द्वारा पूछताछ और पहचान की प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद बच्ची की पहचान पांच वर्षीय इसरा पुत्री हारून निवासी मोहल्ला शांति नगर के रूप में हुई।
सिपाही रोशन सिंह ने बताया कि बच्ची परिजनों से बिछड़कर रेलवे मार्ग तक पहुंच गई थी। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की आंखें भर आईं। उन्होंने पुलिस, समाजसेवी वाजिद अली और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। वहीं क्षेत्र में पुलिस और समाजसेवियों की तत्परता की सराहना की जा रही है।