“16 हजार लेकर छोड़ा अब इंसाफ के लिए एडीजी मेरठ पहुंचा कपड़ा व्यापारी”

 

* कांधला पुलिस पर अवैध हिरासत और मारपीट के आरोप, पीड़ित बोला “न्याय नहीं मिला तो मुख्यमंत्री आवास के बाहर दूंगा जान”

*

सादिक सिद्दीक़ी,

 

कांधला पुलिस पर अवैध हिरासत में लेकर मारपीट करने और 16 हजार रुपये की वसूली करने के गंभीर आरोपों का मामला अब मेरठ तक पहुंच गया है। कस्बे के मोहल्ला खेल निवासी कपड़ा व्यापारी आरिफ पुत्र लतीप मंगलवार को अपने परिजनों के साथ पुलिस अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) मेरठ कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद अब तक उसे न्याय नहीं मिला है। उसने चेतावनी दी कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्महत्या करने को मजबूर होगा।आरिफ ने बताया कि वह कपड़े का व्यापार करता है। विगत शुक्रवार को मोहल्ले में दो पक्षों के बीच हुए विवाद की सूचना उसने पुलिस को दी थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज कुछ लोगों ने उसे पुलिस का मुखबिर बताते हुए उसके साथ मारपीट की।पीड़ित का कहना है कि बाद में पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई, जहां अवैध रूप से हिरासत में रखकर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि पुलिस ने उससे 16 हजार रुपये भी वसूले और देर रात छोड़ दिया।मामले को लेकर आरिफ ने मुख्यमंत्री, एडीजी मेरठ और अन्य उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजकर न्याय की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शामली ने जांच सीओ कैराना को सौंप दी थी।जांच के दौरान सीओ कार्यालय से पहुंची पुलिस टीम ने पीड़ित के बयान भी दर्ज किए। वहीं मामले में गवाह बताए जा रहे बिलाल ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर पुलिस पर दबाव बनाकर बयान दर्ज कराने के आरोप लगाए थे। वीडियो वायरल होने के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया।

मंगलवार को आरिफ अपने परिजनों के साथ एडीजी मेरठ कार्यालय पहुंचा और लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित का कहना है कि यदि उसे जल्द न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्महत्या जैसा कदम उठाने को विवश होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!