
तापमान चढ़ा तो बिगड़ी सेहत, कांधला में मरीजों का आंकड़ा बढ़ा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला क्षेत्र में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। तेज तापमान के चलते लोग बुखार, दस्त और जुकाम जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ गया है।
इसी के चलते कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इन दिनों मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सुबह से ही इलाज के लिए आने वाले लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। अस्पताल में तैनात डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी सभी मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बढ़ती गर्मी और लू के कारण लोग तेजी से बीमार हो रहे हैं। रोजाना करीब 90 से 100 मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों की जांच कर उन्हें उचित उपचार दिया जा रहा है और साथ ही गर्मी से बचाव के उपाय भी बताए जा रहे हैं।
डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतें, ताकि बीमारियों से सुरक्षित रहा जा सके।