पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह, युवक को रोककर की बेरहमी से मारपीट

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे के मोहल्ला खेल में पुरानी रंजिश एक बार फिर हिंसा का कारण बन गई। बुधवार दोपहर दिनदहाड़े एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मोहल्ला खेल निवासी साहिल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके परिवार की कुछ लोगों से काफी समय से रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपनी दुकान से घर खाना लेने जा रहा था। रास्ते में वाहन खड़े होने के कारण उसे दूसरी गली से होकर गुजरना पड़ा।

इसी दौरान कस्बे के ही एक युवक ने उसे रास्ते में रोक लिया और बिना किसी बातचीत के गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। साहिल ने बताया कि आरोपी ने उसके पेट में जोरदार लात मारी, जिससे वह नीचे गिर पड़ा और उसकी आंख में भी गंभीर चोट लग गई।

पीड़ित किसी तरह मौके से अपनी जान बचाकर निकला, लेकिन जाते-जाते आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल युवक अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!