
मोहब्बत या साजिश. जेवर-नकदी लेकर युवती गायब, पुलिस जाँच मे जुडी
* इंस्टाग्राम-फेसबुक की दोस्ती बनी फरारी की कहानी, लाखों की नकदी-ज्वेलरी संग युवती गायब!
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती अब एक सनसनीखेज मामले में बदल गई है। सहारनपुर जनपद के थाना नकुड़ क्षेत्र की एक युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को कांधला में आरोपी युवक के घर दबिश दी, लेकिन आरोपी पहले ही फरार हो चुका था और मकान पर ताला लटका मिला।
बताया जा रहा है कि थाना नकुड़ क्षेत्र के गांव खेड़ा अफगान निवासी युवती की पहचान इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए थाना क्षेत्र के शिवाला मार्ग निवासी आमिर से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मामला इतना आगे बढ़ गया कि युवती आरोपी के साथ चली गई।
परिजनों का आरोप है कि 20 अप्रैल को युवती घर से लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात लेकर आरोपी युवक के साथ फरार हो गई। इस घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और तुरंत थाना नकुड़ में मुकदमा दर्ज कराया गया।
बुधवार को थाना नकुड़ में तैनात महिला उपनिरीक्षक मनवीरी सिंह पुलिस टीम के साथ कांधला पहुंचीं और स्थानीय पुलिस को साथ लेकर आरोपी के घर दबिश दी। हालांकि पुलिस को वहां सिर्फ बंद मकान और दरवाजे पर लटका ताला ही मिला, जिससे आरोपी की चतुराई का अंदाजा लगाया जा रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि नकुड़ पुलिस आरोपी युवक और युवती की तलाश में आई थी, लेकिन दोनों के नहीं मिलने पर टीम वापस लौट गई। फिलहाल पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।