जब आग उगल रही थी धूप, तब सड़कों पर बरसी राहत की बारिश

 

* तपती सड़कों पर चली ठंडी फुहार: कांधला में दोपहर 1:30 बजे शुरू हुआ ‘कूलिंग ऑपरेशन’, हीट वेव पर सीधा वार

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। बुधवार दोपहर को जब सूरज आसमान से आग बरसा रहा था और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को बेहाल कर रखा था, उसी वक्त नगर पालिका प्रशासन ने भीषण गर्मी के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए राहत अभियान की शुरुआत कर दी। तपती सड़कों और झुलसाती हवाओं के बीच एंटी स्मॉग गन से पानी की तेज फुहारों ने माहौल को कुछ ही देर में राहतभरा बना दिया।

कस्बे के प्रमुख मार्गों, व्यस्त बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बड़े पैमाने पर पानी का छिड़काव किया गया। इस दौरान सड़क पर गुजर रहे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को अचानक मिली इस ठंडी राहत ने चेहरे पर मुस्कान ला दी। लोगों ने कहा कि दोपहर के सबसे कठिन समय में यह पहल किसी वरदान से कम नहीं है।गर्मी का आलम यह है कि दोपहर होते-होते सड़कें सुनसान नजर आने लगती हैं और जरूरी काम से निकलने वाले लोग भी गर्म हवाओं से जूझते दिखाई देते हैं। ऐसे में नगर पालिका द्वारा चलाया गया यह अभियान सीधे तौर पर आमजन को राहत देने वाला साबित हो रहा है।

नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल गर्मी से राहत देना ही नहीं, बल्कि हवा में नमी बढ़ाकर तापमान को नियंत्रित करना, उड़ती धूल को बैठाना और प्रदूषण को कम करना भी है। एंटी स्मॉग गन के माध्यम से किए गए इस छिड़काव से वातावरण में तुरंत बदलाव महसूस किया गया, जिससे लोगों को सांस लेने में भी राहत मिली।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर इसी तरह नियमित रूप से पानी का छिड़काव होता रहा, तो भीषण गर्मी के इस दौर में काफी हद तक राहत मिल सकती है। वहीं, दुकानदारों ने भी इस कदम को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे बाजारों में भीड़ पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।

नगर पालिका प्रशासन ने साफ किया है कि बढ़ते तापमान को देखते हुए यह अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर अलग-अलग वार्डों और गलियों में भी एंटी स्मॉग गन और टैंकर के जरिए पानी का छिड़काव कराया जाएगा, ताकि हर क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!