
अचानक कट बना हादसे की वजह: बाइक टकराई, परिवार के चार लोग गंभीर घायल
तेज रफ्तार का कहर: अचानक कट मारने से बाइक टकराई, दंपती समेत दो मासूम गंभीर घायल
सादिक सिद्दीक़ी.
कांधला। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गांव जसाला के निकट रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दंपती समेत दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब आगे चल रहे एक बाइक सवार ने अचानक कट मार दिया, जिससे पीछे चल रही बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई और उस पर सवार पूरा परिवार सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार जनपद शामली के मोहल्ला दयानंद नगर निवासी विपिन अपनी पत्नी मीनाक्षी, नौ वर्षीय बेटी देवांशी और 12 वर्षीय पुत्र सात्विक के साथ बाइक से कांधला से वापस शामली लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव जसाला के पास पहुंचे, तभी आगे चल रहे बाइक सवार ने अचानक कट मार दिया। इस वजह से विपिन अपनी बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सके और उनकी बाइक आगे चल रही बाइक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपती समेत दोनों बच्चे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने तत्परता दिखाते हुए चारों घायलों को कस्बे के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे का कारण आगे चल रहे बाइक सवार की लापरवाही रही, जिसने अचानक कट मारकर पीछे आ रहे परिवार को हादसे का शिकार बना दिया। वहीं, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।