मंडी में बवाल: शुल्क वसूली के दौरान इंस्पेक्टर से मारपीट, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। कस्बे की नवीन सब्जी मंडी में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मंडी शुल्क वसूली के दौरान मंडी इंस्पेक्टर के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया। घटना के बाद मंडी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और व्यापारियों में भी खासी चर्चा रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडी इंस्पेक्टर अरविन्द कुमार यादव रोजाना की तरह शनिवार सुबह मंडी में व्यापारियों से मंडी शुल्क की वसूली कर रहे थे। इसी दौरान जब वह एक व्यापारी के प्रतिष्ठान पर पहुंचे और रसीद काटने की प्रक्रिया शुरू की, तभी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि संबंधित व्यापारी ने अपने परिजनों को मौके पर बुला लिया।

पीड़ित इंस्पेक्टर का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जबरन उन्हें पास स्थित एक कार्यालय में खींच ले गए, जहां उनके साथ मारपीट की गई। शोर-शराबा सुनकर मौके पर मौजूद अन्य व्यापारियों ने हस्तक्षेप किया और किसी तरह इंस्पेक्टर को आरोपियों के चंगुल से बाहर निकाला।

घटना यहीं नहीं रुकी। इंस्पेक्टर का कहना है कि बाहर आने के बाद भी आरोपियों ने मंडी परिसर में उनके खिलाफ नारेबाजी की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा धार्मिक टिप्पणी करते हुए मंडी में अपने हिसाब से काम करने का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

घटना के बाद इंस्पेक्टर ने खुद को असुरक्षित बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस घटना से मंडी के अन्य कर्मचारी और व्यापारी भी सकते में हैं।

वहीं पुलिस का कहना है कि उन्हें मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है। थाना प्रभारी के अनुसार पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!