चोर बेखौफ, 8 दिन बाद भी नहीं खुलासा, व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

सादिक सिद्दीक़ी

दिनदहाड़े चोरी से बाजार में मचा था हड़कंप

कांधला नगर के मुख्य बाजार में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने व्यापारियों में जबरदस्त आक्रोश पैदा कर दिया है। रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान से करीब 25 हजार रुपये की चोरी के आठ दिन बाद भी पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे व्यापारी वर्ग में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

 दुकान में घुसकर तोड़ा था गल्ला, नकदी लेकर फरार आरोपी

बताया गया कि बीते सोमवार दोपहर करीब एक बजे मुख्य बाजार स्थित एक दुकान को चोर ने निशाना बनाया। व्यापारी की गैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए आरोपी दुकान में घुसा, गल्ले का ताला तोड़ा और नकदी लेकर फरार हो गया।था

 सीसीटीवी में कैद, फिर भी पुलिस के हाथ खाली

पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, थी जिसमें आरोपी साफ नजर आ रहा है। इसके बावजूद पुलिस अब तक आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

आश्वासन ठंडा, व्यापारियों का गुस्सा गरम

घटना के बाद पुलिस ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया था, लेकिन आठ दिन बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। इससे नाराज व्यापारियों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा और उन्होंने एकजुट होकर  प्रदर्शन किया।

सड़कों पर उतरे व्यापारी, की नारेबाजी

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मामले के जल्द खुलासे की मांग उठाई। बाजार में काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।

एसपी से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

व्यापारियों ने एसपी से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, कार्रवाई चाहिए।

 चेतावनी कार्रवाई नहीं तो होगा आंदोलन

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं से बाजार में असुरक्षा का माहौल बन रहा है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

error: Content is protected !!