
खेत में बवाल: दो बेटों को पीटा, वीडियो बनाने पर बेटी का मोबाइल तोड़ा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला क्षेत्र के गांव भनेड़ा में खेत पर काम कर रहे दो भाइयों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने परिवार के ही चार लोगों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव भनेड़ा निवासी गीता पत्नी अशोक के अनुसार, सुबह उनके बेटे शालू और अनिकेत खेत में फसल को पानी दे रहे थे। तभी परिवार के ही विनोद पुत्र भंवर सिंह अपने तीन बेटों शिवा, विशु और प्रिंस के साथ वहां पहुंचे और पानी चलाने से मना करने लगे।
आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने ट्रैक्टर की बुग्गी फसल के ऊपर चला दी। जब अनिकेत ने विरोध किया तो उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। वहीं, शालू ने जब घटना का वीडियो बनाना चाहा तो आरोपियों ने उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया और उसके साथ भी मारपीट की।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। पीड़िता अपने दोनों बच्चों के साथ थाने पहुंची और नामजद तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।