मंडी में हंगामे के बाद जागा प्रशासन, खरीद प्रक्रिया हुई तेज

 

भाकियू के धरने से हरकत में आया प्रशासन, कांधला में गेहूं खरीद व्यवस्था पटरी पर

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। मंडी समिति स्थित गेहूं खरीद केंद्र पर व्याप्त अव्यवस्थाओं के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ब्लॉक कांधला के पदाधिकारियों व किसानों ने धरना-प्रदर्शन कर जोरदार विरोध जताया। किसानों का कहना था कि केंद्र पर खरीद कार्य धीमी गति से चल रहा था, जिससे उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा था और गेहूं तौल में भी अनियमितताएं सामने आ रही थीं।

धरने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया और तत्काल मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनी गईं। भाकियू नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द ही व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान मंडल उपाध्यक्ष ब्रह्मपाल, तहसील अध्यक्ष शामली गौतम पवार, विनर राठी, ब्लॉक अध्यक्ष विकास चौहान, नगर अध्यक्ष कांधला रईस पठान, अमजद बैग, असजद जिडाना सहित दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे और किसानों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

धरने के बाद अधिकारियों द्वारा तत्काल प्रभाव से व्यवस्थाओं में सुधार किया गया, जिसके चलते गेहूं खरीद कार्य सुचारू रूप से शुरू हो गया। किसानों ने प्रशासन से भविष्य में भी बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!