लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक’ की सदाओं के बीच गंगेरू से सात हज यात्री रवाना,

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। ग्राम पंचायत गंगेरू में उस वक्त भावुक और रूहानी माहौल बन गया, जब ‘लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक’ की गूंज के बीच सात खुशनसीब लोग पवित्र हज यात्रा के लिए रवाना हुए। गांव की गलियां दुआओं और शुभकामनाओं से गूंज उठीं, वहीं अपनों को विदा करते वक्त कई आंखें नम भी नजर आईं।

जामा मस्जिद के इमाम मौलाना रोफूल हसन ने बताया कि रवाना होने से पहले पूरे गांव ने एकजुट होकर देश में अमन, चैन और तरक्की के लिए खास दुआएं मांगीं। हज पर जाने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य इमरान मंसूरी, उनकी माताजी और पत्नी सहित कुल सात लोग शामिल हैं।

रवानगी से पहले ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर हज यात्रियों को भावभीनी विदाई दी। हर कोई उनके सकुशल सफर और वापसी के लिए दुआ करता नजर आया। इस दौरान माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा हुआ दिखा।

मौलाना रोफूल हसन ने कहा कि हज सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि इबादत और सब्र का बड़ा इम्तिहान है। उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों ने मुल्क की खुशहाली और भाईचारे के लिए दुआ करने का इरादा किया है।

इस मौके पर मास्टर रोफुल रियाज, नदीम सैफी, उमेर, जफर, जीशान, मास्टर रोफूल नदीम समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूर्व ग्राम प्रधान संजीव कुमार चौहान ने भी हज यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरे गांव की दुआएं उनके साथ हैं।

हज यात्रियों के रवाना होते ही पूरे गंगेरू में रूहानी खुशी की लहर दौड़ गई और हर जुबान पर बस एक ही दुआ रही“या अल्लाह, इन्हें अपनी हिफाजत में रखना और सकुशल वापस लाना।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!