गैंगस्टर के खौफ से सहमा परिवार, जान से मारने की धमकियों का आरोप पुलिस में मुकदमा दर्ज

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी आदिल ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही एक नामजद गैंगस्टर और उसके साथियों पर परिवार को लगातार आतंकित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि आरोपी न सिर्फ जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, बल्कि खुलेआम दहशत फैलाने की कोशिश भी कर रहे हैं।

आदिल के अनुसार, गांव निवासी वसीम पुत्र सबदर पर पहले से ही गैंगस्टर, डकैती, हत्या के प्रयास व गुंडा एक्ट समेत दर्जनों संगीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि वसीम अपने गिरोह के साथ मिलकर उनके परिवार को निशाना बना रहा है।

पीड़ित ने बताया कि पूर्व में भी वसीम व उसके साथियों ने उनके परिवार पर जानलेवा हमला किया था, जिसका मुकदमा संख्या 44/25 दर्ज है। उसी रंजिश को लेकर आरोपी आए दिन घर के बाहर और रास्तों में घेरकर जान से मारने की धमकी देते हैं।

आदिल ने आरोप लगाया कि आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे दागकर इलाके में दहशत फैलाते हैं। 24 मार्च को घर के सामने पटाखे चलाने के मामले में दानिश की बुलेट को पुलिस ने सीज भी किया था। इसके बावजूद 12 अप्रैल को वसीम, दानिश, अकरम, आजम, दिलशाद व अन्य साथियों ने गली में पटाखे दागते हुए फिर से धमकियां दीं।

पीड़ित ने घटना के वीडियो और फोटो भी पुलिस को सौंपे हैं और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!