
सिलेंडर बना आग का गोला पलभर मे उजड़ गया गरीब का आशियाना
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के मोहल्ला ईदरीश वेग विहार कॉलोनी में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब गैस सिलेंडर से लगी आग ने एक मजदूर परिवार का घर पलभर में राख कर दिया। गनीमत यह रही कि समय रहते परिवार के सदस्य बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर का अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार कॉलोनी निवासी आरिफ की पत्नी सुनैना उर्फ रीना अपने मकान के दूसरे फ्लोर पर खाना बना रही थीं। जैसे ही उन्होंने गैस रेगुलेटर से चूल्हा जलाने का प्रयास किया, अचानक तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घबराई रीना ने तुरंत शोर मचाया और अपनी जान बचाते हुए नीचे भाग आईं।
आसपास के लोगों ने चीख-पुकार सुनते ही मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने पानी और मिट्टी की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, राशन और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था।
पीड़ित महिला रीना ने बताया कि इस हादसे में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। उनके पति आरिफ मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में तीन छोटे बच्चे—अब्दुल रहमान (9 वर्ष), अब्दुल समी (12 वर्ष) और आफरीन (6 वर्ष) शामिल हैं। हादसे के बाद पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है और उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपना घर बसाने में सक्षम हो सकें।