गन्ना फसल पर चोटी बेधक का खतरा, मिल अधिकारियों ने किसानों को किया सतर्क

 

* गन्ना फसल पर कीट का खतरा! मिल अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर किसानों को दिए जरूरी निर्देश

*

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। अपर दोआब शुगर मिल्स, शामली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मलकपुर में चीनी मिल अधिकारियों ने गन्ना फसल का निरीक्षण कर किसानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान खेतों में खड़ी फसल की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया और कीट प्रबंधन को लेकर विस्तार से जानकारी साझा की गई।

निरीक्षण के दौरान चीनी मिल के गन्ना विकास प्रमुख सी.पी. मलिक ने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि इस समय गन्ना फसल में चोटी बेधक कीट का प्रकोप बढ़ने की संभावना रहती है, जिससे उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे समय रहते अपने खेतों में उचित कीटनाशकों का प्रयोग करें, ताकि फसल को नुकसान से बचाया जा सके।

उन्होंने बताया कि किसान कोराजन, नेटजन अथवा वॉलियम की 150 मिलीलीटर मात्रा को 400 लीटर पानी में घोल बनाकर गन्ने की जड़ों के पास ड्रेचिंग करें। इसके अलावा फर्टेरा या नटेरा दानेदार की 8 किलोग्राम मात्रा अथवा फ्यूराडान 12 किलोग्राम प्रति एकड़ की दर से प्रयोग करना भी प्रभावी रहेगा। उन्होंने कहा कि कीट नियंत्रण के लिए यह समय सबसे उपयुक्त है, इसलिए किसान इस माह के अंतिम सप्ताह या मई के प्रथम सप्ताह तक किसी एक रसायन का प्रयोग अवश्य कर लें।

इस दौरान किसानों को उन्नत खेती के तरीकों और समय पर कीट नियंत्रण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। निरीक्षण के मौके पर चीनी मिल के सुपरवाइजर नेत्रपाल सिंह के साथ उन्नतिशील कृषक जुनैद प्रधान, साजिद, इनाम, कौशर, जीशान और इरशाद सहित अन्य किसान भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!