
दिनदहाड़े 25 हजार की चोरी, CCTV में कैद हुआ बेखौफ चोर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के मुख्य बाजार में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने व्यापारियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। अज्ञात चोर ने रेडीमेड गारमेंट की एक दुकान में घुसकर गल्ले से 25 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मैन बाजार निवासी मोनू सैनी की रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। सोमवार को जब वह किसी कार्यवश दुकान से बाहर गया हुआ था, तभी एक अज्ञात युवक मौके का फायदा उठाकर दुकान में घुस आया। आरोपी सीधे गल्ले तक पहुंचा और वहां रखी 25 हजार रुपये की नकदी निकालकर फरार हो गया। घटना कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई।
मंगलवार को पीड़ित दुकानदार मोनू सैनी व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष ईश्वर दयाल कंसल, सचिन गोयल, रिशिपाल सहित अन्य व्यापारियों के साथ थाने पहुंचा और पुलिस से मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने बाजार में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई।
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने पीड़ित को आश्वासन दिया है कि मामले में जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम दुकान एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान करने का प्रयास जारी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। वहीं, इस वारदात के बाद बाजार के व्यापारियों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं।