
ट्रेन की चपेट में युवक गंभीर, एक पैर कटा मेरठ रेफर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। क्षेत्र के गांव खंन्द्रावली रेलवे स्टेशन के निकट पंजोखरा पोल के पास एक युवक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक का एक पैर कट गया तथा सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां से उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव जसाला निवासी 22 वर्षीय मोनू पुत्र राजवीर सिंह गांव पंजोखरा स्थित श्मशान घाट के पास रेलवे ट्रैक पर किसी कार्य से गया हुआ था। इसी दौरान वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना राहगीरों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही खंन्द्रावली चौकी पुलिस एवं जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की सहायता से कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
खंन्द्रावली चौकी प्रभारी बिजेंदर रावल ने बताया कि हादसे में युवक का एक पैर कट गया है। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि युवक की स्थिति अत्यंत गंभीर थी, जिसके चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच शामली जीआरपी द्वारा की जा रही है।