
स्मार्ट क्लास से लेकर स्वास्थ्य सुविधा तक संस्था ने गिनाईं उपलब्धियां
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। नगर के दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक रेस्टोरेंट में मंगलवार को संगठित सामाजिक सेवा के संयोजक एवं पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल ने प्रेस वार्ता आयोजित कर संस्था द्वारा कांधला विकास खंड के ग्रामीण क्षेत्रों व कस्बे में शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में कराए गए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में राजेश्वर बंसल एवं अखिल राजेश्वर बंसल ने बताया कि अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक संस्था ने क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। कांधला के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित आठ शासकीय कंपोजिट विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम के लिए इलेक्ट्रिक स्मार्ट बोर्ड स्थापित कराए गए। इसके अलावा 11 विद्यालयों में करीब 2100 बच्चों के लिए कुर्सी-बेंच, 2085 स्कूल बैग, 3500 जर्सी तथा 33 साइकिलें वितरित की गईं।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दो डायलिसिस मशीनें एवं एक डेंटल कुर्सी उपलब्ध कराई गई। वहीं नाला, कांधला देहात, गंगेरू, खंड्रावली, लिसाड़, सुन्ना, भभीसा और ब्रह्मखेड़ा गांवों में स्वच्छ पेयजल के लिए स्टील टैंक स्थापित कराए गए। साथ ही 15 ग्राम पंचायतों में कूड़ा प्रबंधन हेतु ई-रिक्शा भी उपलब्ध कराए गए।
पूर्व विधायक बंसल ने कहा कि संस्था शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में भी कई बड़ी योजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनसे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
डायलिसिस मशीनें बंद, टेक्नीशियन न होने से मरीज परेशान
इस दौरान उन्होंने चिंता जताते हुए बताया कि स्वास्थ्य केंद्र को दी गई दोनों डायलिसिस मशीनें अभी तक चालू नहीं हो सकी हैं, क्योंकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा टेक्नीशियन की व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी व स्वास्थ्य विभाग को लिखित सूचना दी जा चुकी है। यहां तक कि उन्होंने एक वर्ष तक टेक्नीशियन का खर्च स्वयं वहन करने का प्रस्ताव भी रखा, लेकिन अभी तक विभाग की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं मिला है।
प्रेस वार्ता में किसान नेता कुलदीप पंवार, व्यापारी नेता ईश्वर दयाल कंसल एवं एडवोकेट सचिन गोयल ने भी आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को जिलाधिकारी के समक्ष प्राथमिकता से उठाया जाएगा, ताकि जल्द ही टेक्नीशियन की व्यवस्था कराई जा सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विष्णु प्रकाश अग्रवाल ने की, जबकि संचालन मेहर चंद सिंघल एवं अमन मित्तल ने किया। इस अवसर पर रोहित गुप्ता, नरेश गर्ग कैराना, पूर्व आईजी विजय गर्ग, जावेद जंग, पवन कंसल, अरविंद संगल, नरेंद्र वत्स, डॉ. पप्पन, अमित गोयल, कमल चावला, नरेंद्र सिंघल, तेज सिंह मित्तल, विकास जैन विक्की, लताफत खान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।