
ट्रेन बनी काल तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
* ‘मौत की पटरी’ बना रेल ट्रैक! चौकीदार इनाम की रहस्यमयी मौत से सनसनी
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला क्षेत्र में रेल ट्रैक उस वक्त ‘मौत की पटरी’ बन गया, जब एक चौकीदार की ट्रेन की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि जिसने भी सुना, सन्न रह गया। इलाके में देखते ही देखते अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।मृतक की पहचान जोला निवासी इनाम के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में चौकीदार के पद पर तैनात था। बताया जा रहा है कि हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही मामले की जांच भी तेज कर दी गई है।परिजनों के अनुसार, घटना के समय घर के अन्य सदस्य खेतों में गेहूं की फसल काटने के लिए गए हुए थे। इसी बीच यह दर्दनाक घटना हो गई। जैसे ही हादसे की खबर परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। मृतक इनाम अपने पीछे तीन छोटे बच्चों दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है, जिनकी मासूम आंखों से बहते आंसू हर किसी को झकझोर रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इनाम ट्रेन की चपेट में कैसे आया? क्या यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है? अभी तक हादसे के असली कारणों पर पर्दा पड़ा हुआ है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।घटना स्थल पर पहुंची जीआरपी टीम ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों ने सरकार से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है। गांव और आसपास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है, हर कोई इस दर्दनाक घटना को लेकर स्तब्ध है।