स्मार्ट मीटर हटाओ, पुराना सिस्टम लाओ किसानों की हुंकार

 

* स्मार्ट मीटर और डिजिटल बिजली कटौती के विरोध में किसानों का बड़ा प्रदर्शन, समस्याओं का समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

 

सादिक सिद्दीकी

कांधला। भारतीय किसान यूनियन (आजाद) के बैनर तले कस्बे के बिजलीघर पर किसानों और आम उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था और डिजिटल बिजली कटौती के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान क्षेत्र भर से बड़ी संख्या में किसान, पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुए और अपनी मांगों को लेकर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते बिजलीघर परिसर में काफी देर तक हलचल बनी रही और माहौल पूरी तरह विरोध के रंग में रंगा नजर आया।धरने का नेतृत्व प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी शाहरुख और राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नितिन बालियान ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्मार्ट मीटर और प्रीपेड बिजली व्यवस्था किसानों और आम उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली कटौती किए जाने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।नेताओं ने आरोप लगाया कि डिजिटल व्यवस्था के नाम पर उपभोक्ताओं का शोषण किया जा रहा है। विशेष रूप से बुजुर्गों और किसानों को इस सिस्टम की वजह से अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें तकनीकी जानकारी का अभाव होता है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था आम आदमी के हित में नहीं है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।

धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी प्रमुख मांगों को विस्तार से रखा। उन्होंने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाने, धारा 56 के उल्लंघन पर रोक लगाने, बिना नोटिस के बिजली कटौती बंद करने तथा सभी उपभोक्ताओं को कागजी बिल उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा किसानों और बुजुर्गों के डिजिटल शोषण को रोकने की भी अपील की गई।

प्रदर्शन के उपरांत संगठन के पदाधिकारियों ने संबंधित एसडीओ को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि विभाग द्वारा जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा।इस अवसर पर अंकित चौहान, रिजवान अंसारी, डब्बू कुमार, सचिन कुमार लूम, सुधीर प्रधान, आजम, जमाल अहमद छोटू, मामिक अहमद सहित अनेक कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!