
दबंगों का आतंक, रास्ते में रोककर युवको की पिटाई
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के मोहल्ला ढंगडूंगरा में दावत खाने आए बुढ़ाना निवासी दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में दोनों युवक घायल हो गए। पीड़ितों ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बुढ़ाना निवासी नसीम का पुत्र रिहान और समीर का पुत्र इरफान कांधला के मोहल्ला ढंगडूंगरा में हसीन के यहां वलीमे की दावत में शामिल होने आए थे। बताया गया कि देर शाम दावत से लौटते समय जैसे ही दोनों युवक नहर पुलिया के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे कई लोगों ने उन्हें घेर लिया और जमकर मारपीट की।
अचानक हुए हमले से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। किसी तरह घायल युवक अपने घर पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना से अवगत कराया। इसके बाद परिजन घायलों को लेकर थाने पहुंचे और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी।
वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।