
दो पक्षों के विवाद में फंसा युवक, लाठी-डंडों से किया लहूलुहान
* बीच-बचाव करना पड़ा भारी! झगड़ा छुड़ाने पहुंचे युवक पर बरसे लाठी-डंडे, हालत गंभीर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के चार खाबो स्थित ईदगाह सलेमपुर मार्ग पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक को ही भीड़ ने अपना निशाना बना लिया। गुस्साए लोगों ने युवक पर लाठी-डंडों से ऐसा कहर बरपाया कि वह लहूलुहान होकर मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा।
जानकारी के अनुसार, ईदगाह सलेमपुर मार्ग निवासी इक़बाल का पुत्र अनवर किसी काम से वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि दो पक्षों के बीच जमकर झगड़ा हो रहा है। इंसानियत दिखाते हुए अनवर ने झगड़ा शांत कराने और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसका यह कदम उसी पर भारी पड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झगड़ रहे लोग अचानक भड़क उठे और अनवर को ही घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि अनवर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अनवर को तत्काल कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल शामली के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि यह दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का मामला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।