तीन लाख वसूले, फिर भी नहीं रुके दरिंदे मौत के बाद भी ब्लैकमेल जारी

 

* हनी ट्रैप गैंग का खौफनाक खेल युवक की मौत के बाद भी नहीं थमा आतंक, परिवार को मिल रहीं गंदी धमकियां, इंसाफ को भटक रहा परिवार

*

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। हनी ट्रैप के जाल में फंसे एक युवक की मौत को भले ही एक सप्ताह बीत चुका हो, लेकिन उसके परिवार के लिए खौफ का सिलसिला अब भी खत्म नहीं हुआ है। हालात यह हैं कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद ब्लैकमेल करने वाला शातिर गैंग लगातार कॉल और मैसेज के जरिए परिवार को धमका रहा है। गाली-गलौज, अश्लील बातें और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियों ने पीड़ित परिवार को दहशत के साये में जीने को मजबूर कर दिया है।

क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी बिलाल कुछ समय पहले व्हाट्सएप कॉल और फोन कॉल के माध्यम से हनी ट्रैप गैंग के जाल में फंस गया था। आरोप है कि गैंग ने उसे अश्लील फोटो और वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे दबाव बनाते हुए उससे करीब तीन लाख रुपये वसूल लिए गए। लेकिन रकम देने के बाद भी गैंग का लालच खत्म नहीं हुआ और धमकियों का सिलसिला लगातार जारी रहा।

बताया जाता है कि अलग-अलग विदेशी और भारतीय नंबरों से कॉल कर बिलाल को डराया जाता था कि अगर उसने उनकी मांगें नहीं मानीं तो उसकी अश्लील तस्वीरें उसके मोबाइल में सेव सभी परिचितों को भेज दी जाएंगी। साथ ही फर्जी लोन के नाम पर भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग और मानसिक दबाव से टूट चुके बिलाल ने 14 अप्रैल को दो वीडियो बनाकर अपनी आपबीती रिकॉर्ड की और फिर गांव नानूपुरी के जंगल में जाकर जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी।

मौत के बाद जब मृतक का मोबाइल अनलॉक कराया गया तो पूरे मामले का चौंकाने वाला खुलासा हुआ। इसके बाद 16 अप्रैल को मृतक के भाई सुहैल ने थाना कांधला में मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन कार्रवाई के बावजूद गैंग के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने अब परिवार को ही निशाना बनाना शुरू कर दिया है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि अब भी आरोपियों द्वारा लगातार कॉल और मैसेज किए जा रहे हैं, जिनमें बेहद अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की जा रही है और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। इस लगातार उत्पीड़न से परिवार मानसिक रूप से बुरी तरह टूट चुका है और आर्थिक रूप से भी परेशान है।

परिजनों ने पुलिस प्रशासन से दोबारा गुहार लगाते हुए कहा है कि उन्हें इस खतरनाक गैंग के चंगुल से जल्द राहत दिलाई जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें इंसाफ मिल सके और भविष्य में कोई और परिवार इस तरह के जाल का शिकार न बने।

….

वही मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि मामला साइबर क्राइम देख रहा है, जल्द ही मामले का खुलासा कर पीडित परिवार को न्याय दिलाया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!