10 रुपये के किराये पर बवाल, ई-रिक्शा चालक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला कस्बे में महज 10 रुपये के किराये को लेकर हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। सवारी और ई-रिक्शा चालक के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि युवक ने चालक पर चाकू से हमला कर दिया। हमजा कॉलोनी सलेमपुर मार्ग निवासी ई-रिक्शा चालक साफीक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल शामली रेफर किया गया है।

घायल साफीक ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाकर अपने चार छोटे बच्चों के परिवार का पालन-पोषण करता है। घटना के समय एक युवक उसकी ई-रिक्शा में सवार था। बायपास मार्ग तक 10 रुपये और सलेमपुर मार्ग तक 20 रुपये किराया बताने पर युवक नाराज हो गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

चाकू से हमला, हालत गंभीर

आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने चाकू निकालकर साफीक पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर उसे बचाया और परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल को तुरंत कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

आरोपी हिरासत में, जांच जारी

चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने धारदार हथियार से हमला होने की पुष्टि की है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच जारी है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!