स्कूल जा रहे छात्र पर पागल कुत्ते का हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां स्कूल जा रहे 12 वर्षीय छात्र अक्षत पर एक पागल कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अक्षत, पुत्र जयवीर, गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र है। वह रोज की तरह सुबह स्कूल जा रहा था, तभी रास्ते में अचानक एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से वह बुरी तरह घायल हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे तुरंत कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया। हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया।

इस संबंध में डॉक्टर रामवीर सिंह ने बताया कि छात्र पर पागल कुत्ते ने हमला किया था, जिसके बाद आवश्यक उपचार देकर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!