किंवाना मोड़ पर तेज रफ्तार का कहर, एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर घायल

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। क्षेत्र के किंवाना मोड़ पर शुक्रवार को तेज रफ्तार और असंतुलन के चलते एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में असारा गांव निवासी फारूक, उनकी मां मुनिजा और 9 वर्षीय बालक अर्श शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फारूक अपनी मां की दवाई लेने के लिए शामली जा रहे थे। जैसे ही वे किंवाना मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक अन्य बाइक को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में तीनों को गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल शामली के लिए रेफर कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि किंवाना मोड़ पर अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे यहां यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की आवश्यकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थान पर चेतावनी संकेत और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!