

वीर पूर्व सैनिक की स्मृति में स्मारक द्वार बनाने की मांग, MLC को सौपा पत्र
1965-71 के योद्धा को सम्मान दिलाने की मांग, MLC को सौंपा पत्र
सादिक सिद्दीक़ी mo 8077559391
कांधला।क्षेत्र के गांव पंजोखरा निवासी एक युवक ने अपने वीर वयोवृद्ध दादाजी स्वर्गीय कृष्ण पाल सिंह चौहान की स्मृति में स्मारक द्वार निर्माण की मांग उठाई है। इस संबंध में युवक द्वारा एमएलसी वीरेंद्र सिंह गुर्जर को एक पत्र सौंपकर गांव के मुख्य द्वार पर स्मारक बनवाने का अनुरोध किया गया है।
गुरुवार को दिए गए पत्र में युवक ने बताया कि स्वर्गीय कृष्ण पाल सिंह चौहान भारतीय सेना की 68 बख्तरबंद बटालियन में हवलदार के पद पर तैनात थे और उन्होंने वर्ष 1965 व 1971 के भारत-पाक युद्ध में सक्रिय भाग लेकर देश की सेवा की। युद्ध के दौरान उन्होंने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए दुश्मन सेना का डटकर मुकाबला किया।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनके दादाजी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पाकिस्तानी सेना के पैटन टैंक को कब्जे में लेकर भारत लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यह टैंक आज भी मेरठ कैंट क्षेत्र में स्थापित है, जो उनकी वीरता की गवाही देता है। क्षेत्र के लोग आज भी उनके शौर्य की गाथाओं को गर्व के साथ याद करते हैं।
युवक ने कहा कि स्वर्गीय कृष्ण पाल सिंह चौहान की वीरता केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। ऐसे वीर सैनिक के सम्मान में यदि गांव के मुख्य द्वार पर उनके नाम से स्मारक द्वार का निर्माण कराया जाता है, तो यह आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करेगा और उनकी स्मृतियों को सदैव जीवित रखेगा।
इस पर एमएलसी वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने युवक को आश्वासन दिया है कि स्मारक द्वार निर्माण के लिए जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र के इस वीर सपूत को सम्मान मिल सके।