शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल में भीषण आग, कई किसानों का भारी नुकसान

 

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला।थाना क्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील में विगत बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। किसानों का आरोप है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही एचटी बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह आग लगी, जिसने देखते ही देखते कई किसानों की मेहनत को राख में बदल दिया।

किसानों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस आगजनी में रामकुमार पुत्र सीताराम की करीब 5.5 बीघा, केशोराम पुत्र जयसिंह की 6 बीघा, राजपाल पुत्र सीताराम की लगभग 8.5 बीघा, शहसपाल पुत्र सीताराम की 5.5 बीघा, राकेश पुत्र मिसम्बर की करीब 14 बीघा, चरण सिंह पुत्र बंदभान की 4 बीघा, महेंद्र पुत्र बेहराम की 10 बीघा, अमित पुत्र रोशनलाल की 3 बीघा तथा कृष्णपाल पुत्र राजपाल की 3 बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। पीड़ित किसानों का कहना है कि इस हादसे ने उनकी सालभर की मेहनत पर पानी फेर दिया है और वे आर्थिक संकट में आ गए हैं।

घटना के बाद पीड़ित किसानों ने थाने पहुंचकर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। साथ ही प्रदेश सरकार और प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है, ताकि उन्हें इस भारी नुकसान से कुछ राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!