घर का झगड़ा पहुंचा थाने! बहू ने लगाए मारपीट के आरोप, फिर हुआ समझौता

 

सादिक सिद्दीक़ी mo 8077559391

कांधला।कस्बे में एक बार फिर घरेलू विवाद ने तूल पकड़ लिया, जब एक महिला ने अपने ही ससुराल पक्ष पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगा दिए। मामला इतना बढ़ा कि थाने तक पहुंच गया और पूरे दिन ‘हंगामे’ का माहौल बना रहा।

पीड़िता अनीता ने आरोप लगाया कि उसके ससुर, देवरानी और बुआ ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। अनीता का कहना है कि वह लंबे समय से इस उत्पीड़न को सह रही थी, लेकिन हालात इतने बिगड़ गए कि उसे पुलिस की शरण लेनी पड़ी।

गुरुवार को घटनाक्रम ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पुलिस ने उसके पति को पूछताछ के लिए थाने में एक दिन के लिए हिरासत में रखा। हालांकि, जैसे ही अनीता खुद थाने पहुंची और पुलिस के सामने पूरी स्थिति रखी, उसके पति को तत्काल छोड़ दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने मामले को और भी पेचीदा बना दिया।

पीड़िता ने अपने ससुराल में खुद को असुरक्षित बताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि यह मामला पारिवारिक विवाद का है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद लिखित समझौता हो गया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष अब किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते।

फिलहाल, मामला भले ही कागजों में ‘शांत’ हो गया हो, लेकिन कस्बे में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग इसे “घर की लड़ाई का थाने तक पहुंचना” बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!