
हनी ट्रैप गैंग का शिकार युवक, मानसिक दबाव ने छीनी जिंदगी
मरने से पहले बनाए दो वीडियो, ब्लैकमेलिंग से था परेशान; परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की
सादिक सिद्दीक़ी mo 8077559391
कांधला सोशल मीडिया पर हनी ट्रैप और फर्जी लोन एप के जाल में फंसे एक युवक ने मानसिक रूप से परेशान होकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले युवक ने दो वीडियो बनाकर अपनी आपबीती बयां की और उन्हें अपने परिचितों को भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी सुहैल पुत्र इस्लाम ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसका भाई बिलाल 27 वर्ष ने विगत14 अप्रैल को अपने दोस्तों और परिवार के लोगों को दो वीडियो भेजे थे। वीडियो में उसने जहरीला पदार्थ खाने की बात कहते हुए बताया कि फर्जी एप और झूठे लोन के जाल ने उसकी जिंदगी नरक बना दी है। उसने यह भी कहा कि उसके इस कदम के लिए परिवार का कोई सदस्य जिम्मेदार नहीं है।वीडियो देखने के बाद परिजनों और दोस्तों में हड़कंप मच गया। उन्होंने बिलाल से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। सूचना मिलते ही परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर बाद उसका शव गांव के खेतों में मिला। शव मिलने की सूचना पर परिवार में चीख-पुकार मच गई।परिजनों ने बताया कि सुपुर्द-ए-खाक करने के बाद जब बिलाल के मोबाइल का लॉक खुलवाया गया तो उसके व्हाट्सएप पर आधा दर्जन पाकिस्तानी नंबरों से मैसेज मिले। इनमें उससे लोन के नाम पर रुपये मांगते हुए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों के अनुसार, बिलाल ने पिछले कुछ दिनों में तीन लाख रुपये से अधिक रकम अलग-अलग खातों में भेजी थी, लेकिन इसके बावजूद ब्लैकमेलर उसकी फर्जी अश्लील फोटो बनाकर उसे और उसके परिचितों को भेजने की धमकी देकर लगातार पैसे मांग रहे थे। परिजनों के मुताबिक, बिलाल की मौत के बाद भी आरोपियों द्वारा उसके मोबाइल नंबर पर कॉल और व्हाट्सएप मैसेज किए जा रहे हैं। फर्जी अश्लील फोटो भेजकर पैसे की मांग की जा रही है और बात करने पर गाली-गलौज की जा रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मृतक के परिजनों में मचा कोहराम
मृतक बिलाल के छोटे भाई सुहैल ने बताया कि बिलाल के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनमें छह वर्षीय पुत्र आहद, तीन वर्षीय पुत्री मायरा और एक वर्षीय पुत्री मानौर शामिल हैं। घटना के बाद से माता-पिता, पत्नी, भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लगभग 3 वर्ष पूर्व भाई परवेज की भी हादसे के दौरान दुखद मौत हो गई थी।
—–