कुत्तों और बंदरों का तांडव, चार लोग बने शिकार, लोग घरों में कैद!

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला थाना क्षेत्र के कस्बा एलम और गांव नाला इन दिनों दहशत के साए में जी रहे हैं। यहां आवारा कुत्तों और बंदरों ने ऐसा आतंक मचा रखा है कि लोग घर से बाहर निकलने से पहले भी कई बार सोचने को मजबूर हैं। बीते कुछ दिनों में इन खूंखार होते जानवरों ने चार लोगों को अपना शिकार बना लिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, कस्बा एलम निवासी ऋतिक और मुनेश पर अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला बोल दिया। दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कुत्तों ने उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। वहीं गांव नाला निवासी विनय को भी एक कुत्ते ने निशाना बनाते हुए नोच डाला। इतना ही नहीं, एलम के ही रहने वाले परम पर एक बंदर ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

घायल सभी लोगों को तुरंत एलम स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने इलाके के लोगों के मन में गहरा डर बैठा दिया है।

मोहल्लों और गलियों में कुत्तों और बंदरों के झुंड खुलेआम घूम रहे हैं। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे ज्यादा दहशत में हैं। हालात ऐसे हैं कि लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द इन आवारा जानवरों को पकड़वाया जाए और इलाके को इस खौफ से राहत दिलाई जाए, वरना कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!