मदद के बहाने युवक की बाइक लूटी, नहर पुल के पास वारदात
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला:क्षेत्र में मदद का हाथ बढ़ाने के नाम पर एक युवक की मोटरसाइकिल लूट लेने का मामला सामने आया है। पूर्वी यमुना नहर के पास खराब बाइक ठीक कराने के बहाने दो बदमाश युवक की मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार प्रदीप पुत्र नाथी राम निवासी ग्राम डिडवाड़ा, थाना सफीदो, जनपद जींद (हरियाणा) 31 मार्च 2026 को अपनी मोटरसाइकिल से कांधला क्षेत्र के गांव किशनपुर बिराल में रिश्तेदारी में जा रहा था। शाम करीब 6:18 बजे वह कांधला नहर पुल से करीब 200 मीटर आगे पहुंचा, तभी उसकी बाइक अचानक खराब हो गई। काफी प्रयास के बावजूद वह बाइक स्टार्ट नहीं कर सका।
करीब आधे घंटे बाद दो अज्ञात युवक दूसरी बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे और मदद करने का भरोसा दिया। आरोप है कि उन्होंने पैर से किक मारकर बाइक स्टार्ट की और फिर अचानक तेज रफ्तार से बाइक लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने शोर मचाते हुए उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बदमाश मौके से भागने में सफल रहे।
पीड़ित ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।