
जनसेवा केंद्र पर विवाद के बाद युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी का आरोप
सादिक सिद्दीकी
कांधला नगर के मोहल्ला शेखजादगान निवासी एक युवक ने क्षेत्र के ही दूसरे युवक पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला शेखजादगान निवासी तसलीम पुत्र फरीद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने ट्रैक्टर का बिल निकलवाने के लिए बिजलीघर रोड स्थित जनसेवा केंद्र पर जावेद के पास गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
पीड़ित का आरोप है कि कहासुनी के बाद जावेद गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने दोबारा दुकान पर आने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित ने मामले में नामजद तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।