
CHC में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी कैंप, जांच के लिए उमड़ी गर्भवती महिलाओं की भीड़
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी डे (एचआरपीडी) का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं जांच कराने पहुंचीं। भारी भीड़ के चलते अस्पताल परिसर में काफी हलचल रही।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण कर उनकी नियमित जांच की। विशेष रूप से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी से जुड़ी महिलाओं पर खास ध्यान दिया गया। डॉक्टरों द्वारा ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन और शुगर लेवल सहित जरूरी जांचें की गईं तथा आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।
चिकित्सकों ने महिलाओं को नियमित जांच कराने, संतुलित आहार लेने और किसी भी समस्या होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी। साथ ही सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए संस्थागत डिलीवरी को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार, इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान कर मां और शिशु की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान जरूरी सावधानियों के प्रति भी जागरूक किया गया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को काफी लाभ मिल रहा है और अब वे पहले से अधिक जागरूक होकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रही हैं।