
मजदूरी न मिलने पर युवक ने ठेकेदार पर लगाया आरोप,
सादिक सिद्दीकी
कांधला। कस्बे के मोहल्ला मिर्दगान निवासी एहसान नामक युवक ने कैराना के एक ठेकेदार पर मजदूरी का भुगतान न करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
एहसान के अनुसार, ठेकेदार ने उससे क्षेत्र के गांव सुन्हा निवासी एक व्यक्ति के यहां 10 दिनों तक पीओपी डिजाइन का कार्य कराया था। काम पूरा होने के बाद जब उसने अपनी मजदूरी मांगी, तो ठेकेदार ने उसे डराकर-धमकाकर मौके से भगा दिया। पीड़ित का आरोप है कि बार-बार पैसे मांगने के बावजूद उसे उसका मेहनताना नहीं दिया जा रहा है।
पीड़ित ने पुलिस से अपने 10 दिन के कार्य का भुगतान दिलाने की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।