
ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने टक्कर, युवक गंभीर घायल
लापरवाही बनी हादसों की वजह, ग्रामीणों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
*
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना क्षेत्र के जसाला गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान गांव भारसी निवासी सुरेश पुत्र अशोक शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेश शामली से अपने गांव लौट रहा था।जसाला गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ई-रिक्शा से उसकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेश उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े।
राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को कांधला कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना आम बात हो गई है, जिसके चलते आए दिन इस तरह के हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, जैसे स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और नियमित पुलिस निगरानी, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।