
अखण्ड ज्योति के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, भव्य शोभायात्रा की तैयारी तेज
सादिक सिद्दीकी
कांधला नगर में आगामी हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर धार्मिक उत्साह चरम पर दिखाई दे रहा है। शनिवार को नगर में अखण्ड ज्योति के पहुंचने पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में धर्मप्रेमी शामिल रहे।
श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर समिति रजि० द्वारा इस वर्ष 22वीं भव्य शोभायात्रा निकालने की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में समिति के पदाधिकारी श्री बाला जी धाम से अखण्ड ज्योति लेकर कांधला पहुंचे। नगर में प्रवेश करते ही ज्योति का श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया।
इसके बाद श्रद्धालुओं ने पूर्वी यमुना नहर स्थित मनकामेश्वर मंदिर से ज्योति को शोभायात्रा के रूप में नगर की परिक्रमा कराते हुए मौहल्ला कानूनगोयान स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में स्थापित किया। इस दौरान पूरा नगर भक्ति में सराबोर नजर आया और डीजे की धुन पर भक्त झूमते दिखाई दिए।
मंदिर समिति के अध्यक्ष अरुण गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार प्रातः मंदिर प्रांगण में रामायण पाठ का आयोजन किया जाएगा, जबकि सोमवार को इसका समापन कर प्रसाद वितरण किया जाएगा। मंगलवार को नगर में विशाल भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में चन्द्रकिरण गुरु जी एवं पंकज जिन्दल गुरु जी, बाला जी धाम मुजफ्फरनगर से शामिल होंगे।
अखण्ड ज्योति के नगर भ्रमण के दौरान दीपक सैनी, जीवन कश्यप, कपिल सैन, संजीव महेश्वरी, कन्हैया सैनी, हरिचंद कश्यप, नरेश कश्यप, सर्वेश वर्मा, विनोद सैनी, वरुण सैन, छोटू सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।